आईपीएल 2026 में इस बार ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी, बीसीसीआई का फैसला, फाइनल में ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी होगी।
Jagt Janwani - आईपीएल में इस बार ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि की है। सीजन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच 28 मार्च को होगा।
सैकिया ने कहा कि पिछले साल 4 जून को हुई दुखद घटना की वजह से इस बार पहले दिन फॉर्मल फंक्शन यानी ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी। बीसीसीआई कोई कल्चरल इवेंट ऑर्गनाइज नहीं करेगा। सैकिया ने आगे बताया कि बोर्ड आईपीएल फाइनल वाले दिन ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी की प्लानिंग कर रहा है। फाइनल 31 मई को खेला जाएगा।
4 जून 2025 को आरसीबी ने पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद बेंगलुरु में विक्ट्री परेड निकाली गई, जिसमें स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
आईपीएल 2025 की ओपनिंग सेरेमनी कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुई थी। इसे शाहरुख खान ने होस्ट किया था। दिशा पाटनी, श्रेया घोषाल और करण औजला ने इसमें परफॉर्मेंस किया। शाहरुख, विराट कोहली और रिंकू सिंह ने भी स्टेज पर डांस किया था।
सेरेमनी के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मैच खेला गया था। आरसीबी और केकेआर ने चिनास्वामी स्टेडियम में एक स्मारक पट्टिका (मेमोरियल प्लाक) लगाने और 11 सीटों को हमेशा खाली रखने का फैसला किया है।
ये सीटें इंटरनेशनल मैचों में भी उन 11 लोगों की याद में नहीं बेची जाएंगी। स्मारक पट्टिका को स्टेडियम के एंट्री गेट के पास लगाया जाएगा, ताकि यह जगह हमेशा श्रद्धांजलि का प्रतीक बनी रहे। आईपीएल मैच से पहले पीड़ितों के नाम दिखाए जाएंगे और एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच से 2026 सीजन का दूसरा चरण शुरू होगा।
प्लेऑफ के लिए वेन्यू की घोषणा बाद में की जाएगी। इससे पहले, असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनावों के कारण बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था।

0 Comments